साढ़े चार घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद घटनास्थल से बाहर निकाला शव
संवाद न्यूज एजेंसी
भावानगर(किन्नौर)। किन्नौर जिले की भावावैली के 1892 कैंची मोड़ के पास वांगतू कंडार संपर्क सड़क पर शनिवार रात को एक कार सड़क से करीब पांच सौ मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में कार चालक की मौत हुई है। पुलिस थाना भावानगर की जानकारी के अनुसार, कार एचपी 26सी 1204 में किन्नौर जिले की तहसील मूरंग के गांव रिब्बा का 32 वर्षीय सतपाल, पुत्र गणेशी लाल शादी समारोह में रिश्तेदारों को छोड़कर कंडार से वापस भावानगर आ रहा था। वापस आते वक्त रात करीब सवा नौ बजे वह कंडार सड़क पर 1892 कैंची मोड़ के पास पहुंचा तो कार से नियंत्रण खो दिया और कार सड़क से करीब पांच सौ मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना नाथपा पंचायत उप प्रधान संजय युलाम ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी भावानगर अजय धंगल, एएसआई अमर सिंह, मुख्य आरक्षी ललित सहित करीब पुलिस के दस जवानों का दल घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस, नाथपा और कंडार गांव के ग्रामीणों ने रात में राहत कार्य को अंजाम दिया। रात साढ़े नौ बजे से देर रात एक बजे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा और कड़ी मशक्कत के बाद मृतक के शव को घटनास्थल से बाहर निकाला गया।
मृतक सतपाल किनफेड सोसायटी भावानगर में सेल्समैन का काम करता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भावानगर अस्पताल पहुंचाया। रविवार को पोस्टमार्टम कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। उधर, नायब तहसीलदार निचार राहुल ने बताया कि मृतक के परिजनों को फौरी राहत के तौर पर 25 हजार रुपये की राशि जारी की गई है।
सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की छानबीन कर रही है। जिले के वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और वाहन को निर्धारित गति में चलाने की अपील की है।
- अभिषेक एस, एसपी किन्नौर