पूर्व नपं आनी ने 25 लाख रुपये खर्च कर आनी कस्बे को किया था रोशन
नगर पंचायत निरस्त होने के बाद कस्बे में चोरियों पर अंकुश लगाने पर सभी मौन
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। नगर पंचायत आनी को निरस्त हुए पूरे 11 महीने गुजर चुके हैं। नगर पंचायत की सारी प्रॉपर्टी को जनवरी, 2024 में संबंधित पंचायतों के हवाले भी कर दिया गया, लेकिन पांच महीने बीत जाने के बाद आनी कस्बे में अव्यवस्था इस कदर हावी हो चुकी है कि किसी को कुछ समझ नहीं आ रहा इस हालात में आनी को किस तरह पटरी पर लाया जाए। कस्बे में हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में सभी मौन हैं। नगर पंचायत ने आनी को करीब दो सौ स्ट्रीट लाइटों और साठ सोलर लाइटों से जगमग किया था। शाम ढलते ही इन स्ट्रीट लाइटों को एक साथ ऑन कर कस्बे को रोशन किया जाता था, लेकिन जैसे ही नगर पंचायत को निरस्त कर दिया गया तो रोशन करने वालीं इन लाइटों को भी संबंधित पंचायतों के सचिवों के हवाले कर दिया गया। जैसे ही ये स्ट्रीट लाइटें संबंधित पंचायतों को सौंपी गईं, तत्काल चोर एक-एक कर अधिकतर लाइटों के खंभे ही उखाड़कर ले गए। अब आनी कस्बे में सोलर लाइटों को छोड़ न तो स्ट्रीट लाइटें बचीं और न ही उनके खंभे बच सके हैं। कस्बे वासियों की मानें तो चोरों ने ये सारे खंभे बेच दिए हैं। इसके बावजूद किसी ने भी इन खंभों के चोरी होने की घटनाओं के विषय पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करवाई।
स्ट्रीट लाइटों की छानबीन करने की मांग
पूर्व नगर पंचायत सदस्य शशि मल्होत्रा ने प्रशासन से चोरी हुई इन स्ट्रीट लाइटों की छानबीन करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत के निरस्त करवाने के बाद आनी में अव्यवस्थाओं का आलम हो चुका है। किसी को इस विषय कोई चिंता नहीं है। उन्होंने प्रशासन से नगर पंचायत को नये सिरे से बनाने की मांग उठाई है। साथ ही उन्होंने कहा कि जो प्रॉपर्टी नगर पंचायत ने बना कर दी है, उसे संबंधित पंचायतों को सुरक्षित रखने की आवश्यकता है।
नगर पंचायत ने आनी में करीब 25 लाख की स्ट्रीट लाइटें लगाई थीं, जिसे जनवरी 2024 को संबंधित पंचायत के सचिवों को सौंप दिया था।
-हरि शर्मा, सचिव नगर पंचायत निरमंड।
आनी में नगर पंचायत की ओर लगाई स्ट्रीट लाइटों के चोरी होने की सूचना मिली है। इस बारे कार्रवाई की जाएगी।
-लालसिंह, प्रधान आनी पंचायत।