5 दिन बाद ही आनी बशता सड़क मार्ग की टारिंग का काम हुआ शुरू,
- फोटो : RAMPUR-HP
आनी (कुल्लू)। लंबे इंतजार के बाद आनी-बशता सड़क की टारिंग का काम शुरू हो गया है। इससे क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। सड़क की हालत सुधारने के लिए क्षेत्र के लोगों ने सड़क संघर्ष समिति का गठन किया था। लोगों की परेशानियों को देखते हुए लोनिवि ने आनी-बशता मार्ग पर टारिंग का काम शुरू कर दिया है।
लोक निर्माण विभाग ने दलाश से जूंडवा की ओर धूप वाले भाग में टारिंग का कार्य शुरू किया है जबकि खस्ताहाल निगाली कैंची वाले करीब 100 मीटर भाग में जी-2 और जी-3 का गटका बिछाकर इसे ठीक कर दिया गया है। संघर्ष समिति के अध्यक्ष भाग चंद वर्मा और सभी सदस्यों ने लोनिवि का आभार जताते हुए कहा कि इस काम में किसी भी प्रकार की मदद के लिए समिति तैयार रहेगी।
जानकारी के अनुसार आनी-बशता सड़क निर्माण की वर्ष 1977 में शुरू हुआ था। मगर राजनीतिक कारणों और लोगों की उदासीनता के चलते इसका काम विवादों में अटका रहा। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करोड़ों की लागत से बनी सड़क का लोकार्पण 2013-14 में किया गया। इसके बाद भी सड़क के दूसरे चरण का काम लोक निर्माण विभाग और ठेकेदार की उदासीनता के चलते कछुआ गति से चलता रहा। इससे
सड़क दिनप्रतिदिन बदतर होती गई।
सड़क से आनी, तलूणा, जाबन, नमहोंग और दलाश सहित अन्य पंचायतों के सेब उत्पादक दर्जनों गांवों की हजारों आबादी लाभान्वित होती है। दर्जनों लोगों ने सड़क निर्माण के लिए अपनी उपजाऊ भूमि दान की है। इसके साथ ही फलदार सेब के पौधों को भी काटना पड़ा। आनी-बशता सड़क संघर्ष समिति ने कहा है कि काम में किसी प्रकार की कोताही बरतने नहीं दी जाएगी। उन्होंने विभाग को कार्य की गुणवत्ता को लेकर किसी प्रकार का समझौता नहीं करने की अपील की है।
लोक निर्माण विभाग निरमंड मंडल के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार शर्मा का कहना है कि सड़क के धूप वाले भाग में टारिंग शुरू कर दी गई है जबकि शेष भाग को अप्रैल 2022 में पक्का कर दिया जाएगा।