अमर उजाला ब्यूरो
रोहड़ू।
इस बार रोहड़ू मेले में व्यापारियों के लिए प्लॉट का आवंटन 18 अप्रैल से किया जाएगा। तीन दिवसीय राज्य स्तरीय रोहड़ू मेले का आयोजन 21 से 23 अप्रैल तक किया जाएगा। मेला कमेटी ने तय किया कि प्लॉटों का आवंटन मौके पर बोली से किया जाएगा। एसडीएम बीआर शर्मा ने बताया कि प्लॉट अधिकतम बोली देने वाले को दिया जाएगा।
कहा कि यदि पहले दिन प्लॉट के आवंटन की प्रक्रिया पूरी नहीं होती तो 19 अप्रैल को भी प्लॉटों का आवंटन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बाजार में प्लॉट पर लगी दुकानों को 30 अप्रैल तक की अनुमति रहेगी। प्लॉट के आवंटन के लिए तहसीलदार रोहड़ू की अध्यक्षता में उप समिति का गठन किया गया है। इस दौरान यदि किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न होगा तो मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं एसडीएम को आवंटन रद्द करने का अधिकार रहेगा। उन्होंने कहा कि मेले के लिए व्यापारियों को प्लॉट का आवंटन सुबह ग्यारह बजे से मौके पर किया जाएगा। मेले के दौरान 21 से 23 अप्रैल तक सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। सांस्कृतिक संध्या में शाम छह बजे से रात दस बजे तक लोक कलाकार लोगों का मनोरंजन करेंगे। उप कमेटियां को उनकी जिम्मेदारी सौंप दी है।