मार्चपास्ट में देहा शिक्षा खंड रहा प्रथम
जिला स्तरीय अंडर-19 छात्र वर्ग की खेलों का आगाज
13 शिक्षा खंडों के 588 खिलाड़ी दिखा रहे प्रतिभा
अमर उजाला ब्यूरो
नेरवा (रोहड़ू)। जिला स्तरीय अंडर-19 छात्र वर्ग की खेल प्रतियोगिता राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नेरवा में शुरू हुई। स्पर्धा में स्कूल के पूर्व छात्र सेवानिवृत्त वन मंडल अधिकारी लायक राम चौहान ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। वहीं वनमंडल अधिकारी श्रेष्ठ नंद शर्मा और वन परिक्षेत्र अधिकारी विनोद रांटा विशेष अतिथि के रुप में मौजूद रहे। प्रतियोगिता का आगाज मार्च पास्ट स्पर्धा के साथ हुआ। उक्त स्पर्धा में देहा शिक्षा खंड प्रथम स्थान पर, नेरवा शिक्षा खंड दूसरे स्थान पर रहा।
इस अवसर पर खेल प्रभारी सोहन सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में जिला शिमला के 13 शिक्षा खंडों के 588 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। रावमापा नेरवा के प्रधानाचार्य केवल राम चौहान ने मुख्य अतिथि व अन्य विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया। स्पर्धा का शुभारंभ वंदेमातरम गीत के साथ ध्वजारोहण करके किया गया। उसके बाद स्कूल की छात्राओं ने स्वागत गीत की प्रस्तुति दी।
मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त वन मंडल अधिकारी लायक राम चौहान ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष गोविंद शर्मा, अतिरिक्त जिला शारीरिक शिक्षा अधिकारी बीके धवन, प्रो कबड्डी के जिला अध्यक्ष बलवीर मांटा, वरिष्ठ नागरिक ओम प्रकाश दफराइक, भागमल कांटा, पूर्ण चंद शर्मा, काना सिंह, वीर सिंह कांटा, लायक राम कांटा और बीडी शर्मा भी उपस्थित रहे।