अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर।
प्रदेश सरकार और शिक्षा विभाग के निर्देशों के बाद अब हर माह के आखिरी शनिवार को विद्यार्थी बिना बस्ते के ही स्कूल पहुंचेंगे। इसी कड़ी में शनिवार को रामपुर के छात्र और छात्राएं बिना बैग के स्कूल पहुंचे। हालांकि बैग फ्री डे के पहले दिन ही आधे विद्यार्थी स्कूल ही नहीं आए। जो विद्यार्थी स्कूल पहुंचे थे, उनके लिए खेलकूद और अन्य गतिविधियों का आयोजन किया गया।
छात्र स्कूल रामपुर में करीब 1200 विद्यार्थी पढ़ते हैं। विद्यार्थी शनिवार को बिना बस्ते के पहुंचे। आम दिनों के मुकाबले इस दिन को लेकर छात्रों में काफी खुशी देखी गई, जबकि छात्र स्कूल में आधे विद्यार्थी स्कूल ही नहीं पहुंचे। छात्र अमित चौहान, गौरव, शुभम, आदित्य, नोगश्वर, अनीश और अन्य विद्यार्थियों ने कहा कि शिक्षा विभाग ने यह एक अच्छी पहल शुरू की गई है। माह के अंतिम शनिवार को छात्रों को खेलकूद, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों में भाग लेने का मौका मिलेगा। इससे उनका शारीरिक और मानसिक विकास होगा। इन छात्रों ने स्कूल में खेलकूद सहित क्विज, भाषण और अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित करने की भी मांग की। इसके अलावा उन्होंने छात्र स्कूल के बास्केटबॉल कोट की हालत सुधारने की मांग की। रामपुर छात्र स्कूल कार्यकारी प्रधानाचार्य केएन ठाकुर ने कहा कि शनिवार को स्कूल के छात्र बिना बस्ते के ही स्कूल पहुंचे। उन्होंने बताया कि भविष्य में विद्यार्थियों के लिए खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ-साथ वाद विवाद, भाषण और अन्य प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा।