सांगला (किन्नौर)।
नेहरू युवा केंद्र रिकांगपिओ और भारत सरकार के खेल मंत्रालय के संयुक्त तत्वाधान में जिले के कनाई गांव में जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ सापनी पंचायत प्रधान चेन राम नेगी ने किया। इस दौरान लोक नृत्य, समूह गान प्रतियोगिता में विभिन्न महिला मंडल की सदस्यों ने भाग लिया।
नेहरू युवा केंद्र की राष्ट्रीय स्वयंसेवी ज्योति कुमारी ने बताया कि प्रतियोगिता में सापनी, कनाई और बटुरी के महिला मंडल की सदस्यों ने प्रस्तुतियां दी। लोक नृत्य प्रतियोगिता में कनाई महिला मंडल ने प्रथम स्थान हासिल किया। बटुरी महिला मंडल ने द्वितीय स्थान पाया। समूह गान में कनाई की महिलाओं ने प्रथम और सापनी महिला मंडल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। पंचायत प्रधान चेन राम नेगी ने प्रतियोगिता के विजेता महिला मंडलों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने की अपील की। युवा केंद्र के राष्ट्रीय स्वयंसेवी रिवन कुमान ने ग्रामीणों से सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने और अपनी सांस्कृतिक धरोहर को बचाने की अपील की। इस दौरान नेहरू युवा केंद्र की राष्ट्रीय स्वयंसेवी हिम भारती, मोनिका, शारदा देवी सहित कई महिलाएं मौजूद रही।