सनम और हैप्पी चुने गए सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थी
देवठी स्कूल में वार्षिक समारोह का धूमधाम से आयोजन
रामपुर बुशहर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल देवठी में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में देवठी पंचायत प्रधान इंदु बाला ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। स्कूल प्रबंधन समिति और विद्यार्थियों ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। स्कूल प्रधानाचार्य सुरेश चंद ने मुख्यातिथि को टोपी और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
समारोह के दौरान स्कूल प्रधानाचार्य सुरेश चंद ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने पंजाबी, पहाड़ी, घूमर नृत्य और किन्नौरी नाटी पेशकर धमाल मचाया और कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों का खूब मनोरंजन किया। मुख्यातिथि ने मेधावियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस दौरान सनम को बेस्ट गर्ल और हैप्पी को बेस्ट ब्वाय के खिताब से नवाजा गया। इस अवसर पर पंचायत उप प्रधान बलवीर चौहान, समाज सेवी कमल चाई, प्रवक्ता शमशेर सिंह, देवी सिंह, जीवा राम, प्रोमिला, एसएमसी अध्यक्ष बाबू राम और सिकंदर बंसल के अलावा कई अन्य मौजूद रहे।