भूस्खलन से बंद एनएच-5 नहीं हुआ बहाल
पहाड़ी से लगातार चट्टानें गिरने से सड़क बहाली में आ रही समस्या
दो दर्जन से अधिक मकानों और सेब के बगीचों को बना खतरा
अमर उजाला ब्यूरो
सांगला (किन्नौर)। किन्नौर जिले के टापरी के समीप राष्ट्रीय उच्च मार्ग 5 बीते सप्ताह से वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह से ठप पड़ा है। जिले के लोगों, और हजारों सैलानियों को वाया छौल्तू होकर सफर करना पड़ रहा है। बीते दिनों हुई भारी बारिश से क्षेत्र में लगातार भूस्खलन हो रहा है।
चगांव के रिशाल और जनकपुरी की तरफ से लगातार भूस्खलन होने और चट्टानों के खिसकने से एनएच 5 टापरी गर्म पानी के पास करीब 50 मीटर तक मलबे से पूरी तरह ढक गया है। हालांकि नेशनल हाईवे प्राधिकरण ने अवरुद्ध मार्ग को खोलने के लिए मशीनरी तैनात कर रखी है, लेकिन लगातार भूस्खलन होने से एनएच को खोलने में भारी दिक्कतें पेश आ रही हैं।
पंचायत प्रधान चगांव वीर सिंह नेगी, ग्राम कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बुद्ध रत्न नेगी, उपाध्यक्ष होशियार सिंह नेगी, हिम्मत राम नेगी और गणित राम नेगी सहित कई अन्य ग्रामीणों के अनुसार यदि जल्द ही इस भूस्खलन को रोका नहीं गया तो टापरी चगांव संपर्क मार्ग, जनकपुरी स्कूल, खेचारंग, रिशाल और जनकपुरी में दो दर्जन से अधिक मकानों और 200 बीघा जमीन पर लगे सेब के पौधों को क्षति पहुुुंच सकती है। उन्होंने प्रदेश सरकार, एनएच प्राधिकरण और जिला प्रशासन से समय रहते अवरुद्ध मार्ग को बहाल कर ऊपरी पहाड़ी से लगातार खिसक रही चट्टानों को रोकने के लिए आरसीसी की दीवार लगाने की मांग उठाई है।
एनएच प्राधिकरण के अधिशाषी अभियंता पीसी नेगी ने कहा कि पहाड़ी से लगातार भारी भरकम चट्टानों के खिसकने से एनएच को बहाल करने में दिक्कतें पेश आ रही हैं। वीरवार देरशाम तक सड़क को बहाल कर दिया जाएगा।