अमर उजाला ब्यूरो
रोहड़ू।
चिड़गांव में जिला स्तरीय प्रशासन जनता के द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें एडीएम प्रोटोकाल शिमला जीसी नेगी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम रोहड़ू बीआर शर्मा ने की। लोगों की विभिन्न समस्याओं का समाधान किया गया। एसडीएम रोहड़ू बीआर शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में 35 प्रमाण पत्र जारी किए गए।
27 हल्फनामों को तसदीक किया गया। प्रशासन से संबंधित छह मामलों का मौके पर ही निपटारा किया गया। बिजली बोर्ड के छह मामलों, लोनिवि के चार मामलों, आईपीएच के तीन मामलों, बीडीओ कार्यालय के एक मामले का मौके पर ही निपटारा किया गया। इसके अतिरिक्त कुछ मामलों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को निपटाने के लिए भेजा गया है। इसके अतिरिक्त सेब के बगीचों में स्प्रे सारिणी व भूकंप से बचाव संबंधी पंफ्लेट बांटे गए। इसके चलते लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। 80 लोगों के शुगर की जांच की गई। 21 लोगों के एचपी टेस्ट किए गए। अग्निशमन केंद्र रोहड़ू व होमगार्ड के जवानों ने भूकंप की स्थिति से निपटने के लिए माकड्रिल भी की। उन्होंने बताया कि प्रशासन जनता के द्वार कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को घर द्वार प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। शिविर से चिड़गांव तहसील की 20 पंचायतों के लोग लाभान्वित हुए। इस दौरान सभी विभागों के उच्च अधिकारी उपस्थित रहे।