रामपुर बुशहर। ननखड़ी के तहत श्यामनगर गांव में घर से देवदार के 28 स्लीपर चोरी होने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने उस समय घटना को अंजाम दिया जब घर पर परिवार का कोई सदस्य नहीं था। शिकायतकर्ता ने अप्रैल महीने में ही टीडी के तहत लकड़ी कटवाई थी और लेंटर के नीचे रखी थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस थाना ननखड़ी से मिली जानकारी के मुताबिक ओम प्रकाश श्याम पुत्र सरन दास निवासी गांव श्यामनगर, डाकघर खड़ाहण, तहसील ननखडी ने पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई कि उन्होंने देवदार के 28 स्लीपरों का टीडी के तहत बीते 10 और 11 अप्रैल को चरान किया था। उन्होंने ये स्लीपर मकान के लेंटर के नीचे रखे थे।
इनमें 13 स्लीपर 10 फीट लंबे, पांच इंच मोटे, और 10 इंच चौड़ाई, 15 स्लीपर आठ फीट लंबे, पांच इंच मोटाई और 10 इंच चौड़ाई वाले शामिल थे। ओम प्रकाश ने बताया कि वह और उनका परिवार अधिकतर नारकंडा में ही रहता है। जब वह मंगलवार को घर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मकान के लेंटर के नीचे से स्लीपर गायब हैं।
उन्होंने यहां-वहां तलाश किया लेकिन स्लीपर का कहीं पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने मामले की सूचना पुलिस थाना ननखड़ी में दर्ज करवाई। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
इनसेट
डीएसपी रामपुर चंद्रशेखर कायथ ने बताया कि श्यामनगर में चोरों ने देवदार के 28 स्लीपर चोरी किए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही चोर पुलिस की गिरफ्त में होंगे।