दलाश (कुल्लू)। आनी उपमंडल के कई ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन निगम की बस सेवा नहीं मिलने से लोगों को परेशानी हो रही है। लोगों को भारी भरकम पैसे देकर छोटी गाड़ियों में या पैदल ही सफर करना पड़ रहा है। परिवहन निगम और प्रशासन से कई बार बस सेवा बहाल करने की मांग की, जो आज तक पूरी नहीं हो सकी।
आनी, लूहरी, शुश, तिहणी, दलाश, आनी रूट की बस आधे तक जा रही है। यह बस आनी से लूहरी, शुश, तिहणी, टोगी, दलाश होकर शाम को आनी जाती है। लेकिन पिछले तीन माह से यह बस तिहणी से ही वापस जा रही है, जिससे कई क्षेत्रों के लोगों को इसकी सुविधा नहीं मिल रही है। कई लोगों को पैदल ही अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है। क्षेत्रवासी गुलाब चंद, विनोद कुमार, कौल राम, सुरेश कुमार, बलविंद्र कुमार, भगत राम, ओम प्रकाश, सोहन लाल, रंजीत कुमार और अन्य ग्रामीणों का कहना है कि परिवहन विभाग की ओर से आधे रूट तक ही बस चलाई जा रही है। लोगों ने एचआरटीसी से मांग की है कि इस बस सेवा को पूरे रूट पर चलाया जाए। उधर, एचआरटीसी आनी अड्डा प्रभारी टीसी वर्मा का कहना है कि ओलवा गांव के साथ लगते सड़क पर डंगा गिर जाने के कारण बस आगे नहीं जा रही थी। अब पीडब्ल्यू्डी की ओर मंजूरी मिल गई है। बस को जल्द ही रूट पर भेजा जाएगा।