नेरवा (रोहड़ू)। सूखी ठंड के चलते लोग सर्दी, जुकाम और बुखार की चपेट में आ रहे हैं। दो साल के बच्चे से लेकर पंद्रह साल के किशोर इसकी चपेट में अधिक आ रहे हैं। सिविल अस्पताल नेरवा में ही रोज सर्दी, जुकाम और बुखार के करीब 50 से अधिक मामले आ रहे हैं। इसके अलावा कुपवी, चौपाल एवं नेरवा चिकित्सा खंड के अंतर्गत अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में भी इस वायरल से ग्रस्त मरीज पहुंच रहे हैं।
कुछ समय पहले ऊंची चोटियों पर हिमपात हो गया था। लेकिन निचले क्षेत्रों में तीन माह से बारिश नहीं हुई है। ऐसे में सूखी ठंड का प्रकोप बढ़ा है। वायरल की चपेट में सबसे अधिक बच्चे आ रहे हैं। चिकित्सक ऐेसे में एहतियात बरतने की सलाह दे रहे हैं। चिकित्सा अधिकारी सिविल अस्पताल नेरवा डॉ. अनुपमा ने बताया कि सूखी ठंड के चलते वायरल की संभावना बढ़ जाती हैं। इससे सर्दी जुकाम, बुखार और खांसी होती है। अगर सावधानी रखी जाए तो इससे बचा जा सकता है। इससे बचाव के लिए भीड़ भाड़ वाले स्थानों से दूरी बनाए रखें। हो सके तो मास्क का प्रयोग करें। यह वायरल सांस के जरिये भी फैलता है। अत: जिस व्यक्ति को वायरल हो उससे दूर रहें।