प्रियंका और लवली चुने गए सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थी
बुच्छैर स्कूल में वार्षिक समारोह में रंगारंग कार्यक्रम
अमर उजाला ब्यूरो
आनी (कुल्लू)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बुच्छैर में सालाना समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में सेवानिवृत्त खंड शारीरिक शिक्षक अधिकारी उत्तम ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। स्कूल प्रधानाचार्य जवाहर ठाकुर ने मुख्य अतिथि को टोपी, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
मुख्यातिथि ने दीप प्रज्ज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विप्लव और अन्य छात्राओं ने सरस्वती वंदना और वंदे मातरम गीत पेश किया। छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक पहाड़ी, फिल्मी, किन्नौरी और हिंदी गाने पेशकर धमाल मचाया। ईशानी और अनिता, गौरव और सुनील ने एकल गान प्रस्तुत किए। वहीं प्रिया, अदिति, विप्लव और अन्य छात्राओं ने कुल्लवी नाटियां पेशकर खूब वाहवाही लूटी। साहिल एंड पार्टी की ओर से नाटक, आरती और अन्य छात्राओं ने फिल्मी नृत्य और लक्ष्मी व पार्टी ने वाद्य यंत्र कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रधानाचार्य जवाहर ठाकुर ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पेश कर साल भर की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। समारोह के दौरान सर्वश्रेष्ठ छात्रा प्रियंका और सर्वश्रेष्ठ छात्र का खिताब लवली ठाकुर को दिया गया। मोनिका ठाकुर को स्वच्छता एवं सामाजिक क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार से नवाजा गया। वहीं राज कुमार को सर्वश्रेष्ठ स्काउट और अदिति को सर्वश्रेष्ठ गाइड चुना गया। मोनिका, राहुल, लवली, साहिल, प्रिंयका, हिमानी, शिवानी, राजकुमार, अदिति ठाकुर, विपिन, तब्बू, अनुज रॉय ठाकुर, रवीना, निखिल, संदीप, शेर सिंह, कुशाल, स्वीटी, विनय, निशांत और गौरव सहित कई अन्य छात्र-छात्रों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अमर चौहान, श्यामा नंद, योगिंद्र कुमार, श्याम सिंह, महेंद्र कायथ, गोपाल, अजय, उत्तम राम और राजा राम सहित बच्चों के अभिभावक मौजूद रहे।