अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर
खनेरी अस्पताल से विशेषज्ञ डॉक्टरों के तबादले को लेकर युवा कांग्रेस रामपुर तल्ख हो गई है। युकां ने प्रदेश सरकार को चेतावनी दी कि सात दिनों में खनेरी अस्पताल से विशेषज्ञ डॉक्टरों के तबादलों का क्रम नहीं रुका तो, युवा कांग्रेस रामपुर चक्का जाम और भूख हड़ताल करेगी।
युवा कांग्रेस रामपुर ने शुक्रवार को बैठक आयोजित की। इसकी अध्यक्षता युवा कांग्रेस रामपुर के अध्यक्ष जसवीर ठाकुर ने की। अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार के सत्ता में आते ही पिछले तीन माह में खनेरी अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों के तबादले किए जा रहे हैं। इसके बाद युवा कांग्रेस रामपुर ने निर्णय लिया कि इस संबंध में राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बाद युवा कांग्रेस ने एसडीएम डॉ. निपुण जिंदल के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। इसमें युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल से जल्द से जल्द समस्या के समाधान के लिए उचित निर्देश देने की मांग की है। इस दौरान एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष राहुल सोनी, शहरी युवा कांग्रेस अध्यक्ष ध्रुव शर्मा, उपाध्यक्ष सोनू भलूनी, पार्षद विशेषर लाल, अंकुर शर्मा, डीडी कश्यप, मनिष चौहान, अजय राणा, कुलदीप नेगी, भाटिया, गोलू, संजीव, राजू बुशहरी, अनुप ठाकुर व विकास आदि मौजूद रहे।