दत्तनगर में छात्राओं ने
सीखे आत्मरक्षा के गुर
रामपुर बुशहर। दत्तनगर स्कूल में आयोजित दस दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर में छात्राओं ने आत्मरक्षा के गुर सीखे। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल दत्तनगर में बुधवार को शिविर का विधिवत समापन हुआ। शिविर के समापन अवसर पर स्कूल प्राचार्य कृष्ण सिंह नेगी बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे।
स्कूल के वरिष्ठ प्रवक्ता रोशन वर्मा ने कहा कि पुलिस विभाग द्वारा समग्र शिक्षा के अंतर्गत स्कूल में चलाए शिविर में 9वीं कक्षा से 12वीं कक्षा की 131 छात्राओं ने भाग लिया। दस दिनों तक चले इस आत्मरक्षा शिविर के अंतर्गत छात्राओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण दिया गया। शिविर के दौरान पुलिस विभाग के एचएचसी विजय कुमार और कांस्टेबल प्रमोद कुमार की देखरेख में छात्राओं को विभिन्न प्रकार के आत्मरक्षा गुर सिखाए गए। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्वयं सेवा योजना के तत्वाधान में राष्ट्रीय एकता दिवस भी मनाया गया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी अश्वनी डमालू और महिला कार्यक्रम अधिकारी हर्ष प्रभा ने स्वयंसेवियों को एकता का पाठ पढ़ाया। इस अवसर पर स्वयंसेवी छात्र विक्की द्वारा स्वयंसेवियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के अंत मे स्कूल प्राचार्य कृष्ण नेगी ने शिविर के आयोजन के लिए पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, स्कूल के सभी शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।