रामपुर बुशहर। रामपुर पीजी कॉलेज में वीरवार को महिला सशक्तीकरण का संदेश दिया गया। इस दौरान बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, कन्या भ्रूण हत्या, बाल विवाह और महिलाओं को समानता देने जैसे कई मुद्दों पर वक्ताओं ने विचार रखे। मौका था रामपुर कॉलेज और बाल विकास परियोजना रामपुर की ओर से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित समारोह का। अध्यक्षता एसडीएम रामपुर डॉ. निपुण जिंदल ने की।
कॉलेज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना पेश की। एडब्ल्यूसी ग्रुप महावीर मौहला के बच्चों ने ग्रुप डांस पेश कर सभी का मन मोहा। इसके बाद पर्यवेक्षक वृत्त बाहली की महिलाओं ने पहाड़ी गानों पर नाटी पेश कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। महिलाओं ने आया जमाना बुरा हो..., डुगे नालूए..., रामपुर लवी मेला लागा रे..., केउ देशा के आई हो..., कांटा चूटा कुंबरे रा, जैसे गानों पर नाटी पेश की। इसके बाद रामपुर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने नाटक का मंचन कर बेटी है अनमोल का संदेश दिया। छात्रों ने समाज में बेटियों के प्रति बढ़ती कुरीतियों के बारे में नाटक पेश कर सभी को भाव विभोर कर दिया। इसके बाद पर्यवेक्षक वृत्त डंसा की महिलाओं ने समूहगान पेश कर समां बांधा। छात्रा स्मृति शर्मा ने भाषण के माध्यम से महिलाओं के साथ हो रहे शोषण को लेकर कई सवाल उठाए और महिला सशक्तीकरण के लिए सभी की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। इसके बाद छात्राओं ने पंजाबी गानों पर नृत्य पेश कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। रामपुर वृत्त की पर्यवेक्षकों ने नाटक के माध्यम से महिला उत्थान की बात कही। वहीं तकलेच की पर्यवेक्षकों ने पहाड़ी नाटी, गोपालपुर वृत की महिलाओं समूहगान पेश किया।
बाल विकास परियोजना अधिकारी अजय बदरेल ने महिलाओं के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं और शोषण को रोकने के बारे में जागरूक किया।ॉ
समान दर्जे पर ही समाज का विकास
एसडीएम डॉ. निपुण जिंदल ने महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई दी। समाज का सर्वांगीण विकास तभी संभव है जब समाज में महिला और पुरुष को समान दर्जा दिया जाए।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर प्राचार्य प्रो. पीसी कश्यप, नगर परिषद अध्यक्ष मीना कुमारी, डॉ. राजन नेगी, डॉ. जीआर नेगी, डॉ. जीवन मसोई, प्रो. सतीश नेगी, प्रो. कुशाल ठाकुर, अनिता शर्मा, पार्षद नीलम गुप्ता सहित अन्य मौजूद रहे।