स्कूलों और कॉलेजों में जल्द शुरू
होंगे कॅरियर काउंसलिंग कार्यक्रम
रिकांगपिओ में आयोजित बैठक में बोले सहायक आयुक्त
आत्मनिर्भर-स्वावलंबी बनाने के लिए परामर्श भी दिया जाएगा
अमर उजाला ब्यूरो
रिकांगपिओ (किन्नौर)। सहायक आयुक्त (उपायुक्त) किन्नौर सलीम आजम ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से युवाओं को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने के मकसद से स्कूल और कॉलेजों के छात्रों के लिए कॅरियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। वे बुधवार को रिकांगपिओ में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे।
सहायक आयुक्त (उपायुक्त) ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत जिला में स्कूली छात्रों के लिए हर माह के अंतिम शुक्रवार को सांय और महाविद्यालय के छात्रों को माह के अंतिम शनिवार को कॅरियर काउंसलिंग कार्यक्रम 3 से 5 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के दौरान विद्यालयों में नौवीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को वाणिज्य, विज्ञान और आर्ट्स इत्यादि विभिन्न क्षेत्रों में अपने कॅरियर का चुनाव करने के लिए परामर्श भी दिया जाएगा। विभिन्न कौशल विकास प्रशिक्षण के बारे में भी छात्रों को महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि महाविद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ कौशल विकास को स्तरोन्नत करने तथा रोजगार प्राप्ति के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की जाएगी। शिक्षण संस्थाओं, कंपनियों और उद्योगों में प्रवेश अथवा रोजगार प्राप्त करने के बारे में जागरूक किया जाएगा। इस दौरान श्रम एवं रोजगार अधिकारी किन्नौर आरएस चौहान ने कॅरियर काउंसलिंग संबंधी विस्तृत जानकारी दी। इस मौके पर विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।