रिकांगपिओ (किन्नौर)। मंडी संसदीय क्षेत्र के उपचुनाव को लेकर सोमवार को किन्नौर विधानसभा क्षेत्र के लिए मतदान दलों का गठन रेंडमाइजेशन के माध्यम से किया गया। इस अवसर पर सहायक निर्वाचन अधिकारी और एसडीएम कल्पा स्वाति डोगरा विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
स्वाति डोगरा ने बताया कि मंडी संसदीय क्षेत्र के उपचुनाव की मतदान प्रक्रिया को पूरा करने के लिए तैनात किए जाने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों का चयन और मतदान दलों का गठन रेंडमाइजेशन के आधार पर किया गया।
इसमें किन्नौर विधानसभा क्षेत्र में लोकसभा उपचुनाव के लिए 153 मतदान दलों का गठन किया गया। इसमें चार मतदान दल महिला अधिकारियों और कर्मचारियों के हैं। इन 127 मतदान दलों की किन्नौर विधानसभा क्षेत्र के तहत स्थापित 127 मतदान केंद्रों पर तैनाती की जाएगी। शेष 26 मतदान दल रिजर्व में रखे जाएंगे।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक मतदान दल में एक पीठासीन अधिकारी, एक सहायक पीठासीन अधिकारी और दो मतदान अधिकारी शामिल हैं। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी, बहुजन समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधियों के अलावा तहसीलदार निर्वाचन जीएस राणा मौजूद रहे।