रोहड़ू बस स्टैंड में मजदूर से लूट लिए साठ हजार
आंखों में कुछ फेंक वारदात को दिया अंजाम, रोहड़ू से अपने घर नेपाल जा रहा था प्रेम
पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए लूट करने वाले दो नेपाली हाटकोटी में धरे
साठ हजार बरामद किए, रेलवे स्टेशन पर भी लूट को अंजाम दे चुके हैं दोना
अमर उजाला ब्यूरो
रोहडू। रोहड़ू बस अड्डे में मजदूर की आंखों में कुछ फेंककर दो नेपाली साठ हजार लूट ले गए। मजदूर ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों नेपालियों को हाटकोटी के पास पकड़ लिया। इनसे साठ हजार भी बरामद कर लिए हैं। दोनों से पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है।
शलान निवासी बागवान सुरेंद्र कपटा के पास काम करने वाला नेपाली मजदूर प्रेम रोहडू से नेपाल जा रहा था। सुबह करीब पांच बजे उसे रोहडू बस स्टैंड से हरिद्वार के लिए बस का इंतजार कर रहे प्रेम से दो नेपाली मिले। उन्होंने प्रेम से बातचीत शुरू कर दी। इसी बीच दोनों ने प्रेम की आंखों में कुछ फेंका और उसके साठ हजार लूटकर वहां से फरार हो गए। प्रेम ने इसकी सूचना बागवान और पुलिस को दी। मुख्य आरक्षी अंकित और अमित फिष्टा ने टैक्सी स्टैंड में कुछ लोगों से पूछताछ की। इसी दौरान पता चला कि दो नेपाली रोहडू से टैक्सी बुक कर हाटकोटी की तरफ निकले हैं।
पुलिस ने टैक्सी चालक का मोबाइल नंबर पता किया और उसे गाड़ी की स्पीड कम कर चलने के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने प्रेम को साथ गाड़ी का पीछा किया। हाटकोटी के समीप पुलिस ने दोनों लुटेरों को पकड़ने में सफलता हासिल की। तलाशी के दौरान पुलिस ने लूटे गए 60 हजार भी बरामद कर लिए।
डीएसपी रोहड़ू अनिल शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि टैक्सी चालक राजू थापा के सहयोग से पुलिस ने दोनोें लुटेरों को पकड़ लिया है। पूछताछ में दोनों ने रेलवे स्टेशन पर भी लूट करने की बात स्वीकार की है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।