अमर उजाला ब्यूरो
ब्रौ (रामपुर बुशहर)। आजादी के बाद सड़क सुविधा की राह ताक रहे चंथवा गांव के लोगों को आखिर सड़क सुविधा का लाभ मिल ही गया। ग्रामीणों ने श्रमदान और धन दान कर सड़क का निर्माण किया है। जिला कुल्लू के नित्थर उपतहसील के तहत आने वाले चंथवा गांव के सैकड़ों लोग लंबे समय से सड़क सुविधा की मांग कर रहे थे, जो अब पूरी हो चुकी है।
आनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक किशोरी लाल सागर ने चुनाव जीतने के बाद धन्यवाद कार्यक्रम के दौरान चंथवा-शाणी सड़क निर्माण के लिए पांच लाख की राशि भेंट की और सड़क को विधायक प्राथमिकता के तहत पक्का करने का आश्वासन भी ग्रामीणों को दिया है। गौरतलब है कि आजादी के सात दशक बाद भी चंथवा गांव की सैकड़ों की आबादी सड़क सुविधा से वंचित थी। सड़क की मांग को लेकर ग्रामीण सरकार से भी कई बार मांग उठाते रहे, लेकिन सरकार ने उनकी मांग को लेकर कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। अंत में ग्रामीणों ने अपनी भूमि पर स्वयं श्रमदान और धनराशि खर्च कर इस सड़क का निर्माण किया। सड़क निर्माण में पंचायत प्रधान और बीडीसी सदस्य अंजना भारती का काफी सहयोग ग्रामीणों को मिला। ग्रामीणों ने करीब 15 लाख रुपये की राशि खर्च कर इस सड़क का निर्माण किया है। स्थानीय विधायक किशोरी लाल के आश्वासन के बाद ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
पलेही पंचायत प्रधान लाल सिंह ठाकुर, उप प्रधान यशपाल भारती, बालकृष्ण वर्मा, प्रकाश नेगी, बबलेश ठाकुर, रमेश ठाकुर, सन्नी वर्मा, कमल चौहान सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि सड़क बनने से पंचायत के चंथवा, नौण और शिल्लीधार गांव के सैकड़ों लोगों को लाभ मिलेगा, जबकि सड़क से पंचायत की हजारों की आबादी लाभान्वित होगी। उन्होंने सड़क निर्माण के लिए पांच लाख रुपये की राशि जारी करने के लिए विधायक किशोरी लाल का आभार व्यक्त किया है।