उत्तराखंड विस चुनाव के लिए रवाना होने से पूर्ण रिकांगपिओ में प्रशिक्षण प्राप्त करते गृहरक्षा जव
- फोटो : RAMPUR-HP
रिकांगपिओ (किन्नौर)। उत्तराखंड राज्य में कंपनी कमांडेंट चेतराम की अध्यक्षता में किन्नौर के 150 होमगार्ड जवान 9 फरवरी से 17 फरवरी तक विधानसभा चुनाव में कानून व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाने के लिए उत्तराखंड रवाना होंगे। इनकी चुनाव ड्यूटी टिहरी गढ़वाल जिले में लगाई गई है। इससे पूर्व भी किन्नौर के गृह रक्षक 5 बार उत्तराखंड सरकार में विभिन्न मौकों पर कानून व्यवस्था को संभालने के लिए अपनी तैनाती दे चुके हैं।
गौर हो कि वर्ष 2002 से लगातार विधानसभा और लोकसभा चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था को सुचारु रूप से संभालने के लिए किन्नौर जिले के होमगार्ड जवान अपनी ड्यूटी देते आ रहे हैं। यहां तक कि हरिद्वार में कुंभ मेले में भी किन्नौर के नौजवान गृहरक्षकों ने अपनी सेवाएं दी हैं। 9 फरवरी की सुबह ये जवान रिकांगपिओ से हिमाचल पथ परिवहन निगम की 4 बसों में सवार होकर पांवटा साहिब तक जाएंगे और वहां से उत्तराखंड सरकार के परिवहन विभाग की बसों से टिहरी गढ़वाल के लिए रवाना होंगे। इन 9 दिनों का वेतन और भत्ता उत्तराखंड सरकार की ओर से वहन किया जाएगा।
किन्नौर गृह रक्षा विभाग के कमांडेंट खुशाल चंद ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा है कि किन्नौर जिले के 150 होमगार्ड जवान उत्तराखंड में होने वाले विधान सभा चुनाव को संपन्न करवाएंगे। ये जवान अपने काम के प्रति निष्ठा, ईमानदारी, सच्चाई और कर्मठता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे। अपनी चुनावी ड्यूटी देकर 17 फरवरी को ये जवान वापस लौटेंगे। मंगलवार को रिकांगपिओ में जवानों को चुनाव से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारी दी गई और उन्हें कोविड-19 को लेकर जारी दिशा निर्देशों के पालन करने के बारे में जागरूक किया गया।