रंगारंग कार्यक्रम पेश कर मचाया धमाल
हिमालयन पब्लिक स्कूल रिकांगपिओ में वार्षिक समारोह की धूम
समारोह में एसडीएम कल्पा ने नवाजे मेधावी विद्यार्थी
अमर उजाला ब्यूरो
रिकांगपिओ (किन्नौर)। हिमालयन पब्लिक स्कूल रिकांगपिओ में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। समारोह में एसडीएम कल्पा डॉ. अवनिंद्र शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। वहीं रिकांगपिओ कॉलेज के उप प्राचार्य डॉ. विद्या बंधु नेगी ने विशिष्ट अतिथि के तौर पर शिरकत की। स्कूल प्रबंधन ने मुख्यातिथि व अन्य गणमान्य लोगों को जोरदार स्वागत किया। स्कूल प्रधानाचार्य हीरा सिंह नेगी ने वार्षिक रिपोर्ट सभी लोगों के समक्ष रखी।
समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेशकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। छात्र-छात्राओं ने पहाड़ी नाटी, किन्नौरी, पंजाबी, अरुणाचली, हरियाणवी और राजस्थानी सहित अन्य विभिन्न प्रस्तुतियां पेश कर धमाल मचाया। छात्राओं ने हिमाचली परिधान पहनकर पहाड़ी नाटी नीलिमा नीलिमा, प्यारी इंदिरा, गोरी गोरी लड़की और रंग बरसे बांका किनारा आदि पर प्रस्तुतियां देकर लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
इस मौके पर मुख्यातिथि ने साल भर में विभिन्न गतिविधियों में अव्वल रहने वाले 238 विद्यार्थियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। निवेदिता नेगी और विलक्षण नेगी को चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस प्रतियोगिता में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर चंबा में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाने और बॉक्सिंग में उत्कृष्ट भंडारी ने जिले में अपना नाम रोशन कर राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में भाग लेने पर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन यशपाल नेगी, पीटीए अध्यक्ष जगजीवन नेगी, मुख्य सलाहकार बालम नेगी, अभिभावक और स्कूली शिक्षक मौजूद रहे।