ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। ननखड़ी तहसील की जाहू पंचायत में ग्रामीण पेयजल किल्लत की समस्या से जूझ रहे हैं। पंचायत का प्रतिनिधिमंडल प्रधान कृष्णा मेहता की अध्यक्षता में आईपीएच विभाग रामपुर के एक्सईएन वीरेंद्र ठाकुर से मिला। ग्रामीणों ने विभाग से जल्द समस्या दूर कर पेयजल सप्लाई सुचारु करवाने की मांग की।
जाहू पंचायत के जाहू, धाला, रैरा, जाहू डीम में बीते कई सालों से ग्रामीण पेयजल किल्लत से जूझ रहे हैं। पूर्व सरकार ने खड़ाहण से रेझटू उठाऊ पेयजल योजना का निर्माण करवाया था। पेयजल योजना के उद्घाटन के एक वर्ष बीत जाने के बाद भी ग्रामीणों को पीने का पानी नहीं मिल रहा है। विभाग अभी तक पाइप लाइन तक नहीं बिछा पाया है। उक्त गांव में करीब 700 के करीब ग्रामीण रहते हैं। गांव के लोगों को 15-15 दिनों के बाद पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। इस कारण ग्रामीणों के रोजमर्रा के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीण प्राकृतिक स्रोतों से पानी लाकर गुजारा करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कई बार समस्या को आईपीएच विभाग के समक्ष रखा, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।
प्रतिनिधिमंडल ने एक्सईएन से जूणी से घासनी गांव के लिए नई पाइप लाइन बिछाने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि धाला भामटी बगैल घासनी के लिए पाइप लाइन बिछाने के लिए बार-बार टेंडर तो लग रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। ग्रामीणों ने नेड्ड धाला गांव में जल्द स्टोरेज टैंक का निर्माण करने का मामला भी उठाया। ग्रामीणों ने एक ही लाइनमैन की तैनाती करने की भी मांग की है। प्रतिनिधिमंडल में पंचायत प्रधान कृष्णा मेहता, उपप्रधान कुलदीप ठाकुर, वार्ड सदस्य मंजीत, राजेंद्र श्याम सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।