देव आगमन के साथ पारंपरिक बूढ़ी दिवाली मेला शुरू
लोक गायक दलीप सिरमौरी के गानों पर थिरके नीरथवासी
लोगों ने वाद्ययंत्रों की धुनों पर माला नृत्य का लिया आनंद
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। रामपुर उपमंडल की नीरथ पंचायत में वीरवार रात को बूढ़ी दिवाली मेले का धूमधाम से आयोजन हुआ। इस दौरान रंगारंग सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया गया। जिसमें सतलुज वैली वेलफेयर ऐसोसिएशन के चेयरमैन संदीप मस्ताना ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
नीरथ में आयोजित बूढ़ी दिवाली मेले का मुख्य आकर्षण लोक गायक दलीप सिरमौरी रहे। उन्होंने नीरथवासियों को देर रात अपने गानों पर खूब नचाया। मेले का शुभारंभ देर शाम देवता गणेश मझेवटी, देवता साहब डूम कुठाणिया लैलन, देवता साहब क्षेत्रपाल कलंती और देवता साहब ब्रह्मवीर नीरथ के स्वागत के साथ हुआ। क्षेत्र के आराध्य देवता सैकड़ों देवलुओं की मौजूदगी में वाद्ययंत्रों की धुनों नाचते-गाते मेले में पहुंचे। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज स्कूलों बच्चों के रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुआ। इसमें शिवालिक पब्लिक स्कूल नीरथ के नन्हे बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं और महिला मंडल नीरथ मोईन ने पारंपरिक नृत्य पेश कर खूब वाहवाही लूटी। सूर्य नारायण नवयुवक मंडल के सदस्यों ने मनमोहक कार्यक्रम पेश किए। प्रदीप भंडारी और विक्की राजटा ने नीरथ वासियों का खूब मनोरंजन किया।
अंत में लोक गायक दलीप सिरमौरी ने पारो आया बनजारा, गिरीओ रा पानी जैसे गाने प्रस्तुत करके नीरथवासियों को झूमने पर मजबूर कर दिया। शुक्रवार को मेला मैदान में स्थानीय लोगों ने वाद्ययंत्रों की धुनों पर जमकर माला नृत्य का आनंद लिया। मेले में पहुंचे लोगों ने अपने आराध्य देवताओं के समक्ष शीश नवाया और परिवार की सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर मंदिर कमेटी प्रधान टिकम देव शर्मा, सचिव राजेश भंडारी, कोषाध्यक्ष लाल चंद, कृष्ण चंद वर्मा, लाल चंद, हरिचंद भंडारी, नवयुवक मंडल प्रधान सुंदर कपूर, महासचिव प्रिंस शर्मा और सचिव रवि शर्मा मौजूद रहे।