अमर उजाला ब्यूरो
रोहड़ू।
अक्षम बच्चों के लिए रोहड़ू में एक अप्रैल को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन यूथ क्लब रोहड़ू के सौजन्य से होगा। कसतुरबा गांधी बाल आश्रम चिड़गांव, बाल आश्रम मसली व जागृति स्पेशल स्कूल रोहड़ू में मानसिक रूप से अक्षम बच्चों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इन बच्चों के लिए विशेष रूप से कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन एक अप्रैल को दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक रामलीला मैदान रोहड़ू में किया जाएगा।
क्लब के अध्यक्ष अनुराग शर्मा, उपाध्यक्ष संगीता खुराना ने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रम में इंडियन आइडल फेम कार्तिक शर्मा प्रस्तुतियां देंगे। इसके अतिरिक्त लोक कलाकार कल्पना तोमर, संतोष तोषी, नरेंद्र रंजन, विमल नेगी, सुनील शर्मा भी प्रस्तुतियां देंगे। रुद्रा म्यूजिकल बैंड ग्रुप की ओर से रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुति किया जाएगा। एसडीएम रोहड़ू बीआर शर्मा कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। बिग एफएम शिमला की आरजे शालिनी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेगी। उन्होंने बताया कि पहली बार अक्षम बच्चों के लिए इस तरह का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। भविष्य में भी अक्षम बच्चों के हितों को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।