जगातखाना (रामपुर बुशहर)।
जिला कुल्लू के आउटर सिराज क्षेत्र की तुनन पंचायत के जगातखाना में हुड़दंगियों की वारदातें थमने के नाम नहीं ले रही हैं। बीते दिनों क्षेत्र में इन शरारती तत्वों ने कई वाहनों को क्षति पहुंचाई। गौर फरमाने वाली बात यह है कि पुलिस थाना से मात्र 200 मीटर की दूरी पर ही इन वाहनों के शीशे तोड़े गए और पुलिस को इस घटना की भनक तक नहीं लगी। क्षेत्र के लोगों ने पुलिस से हुड़दंगियों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।
बीते नौ मार्च की रात को पुलिस थाना से मात्र 200 मीटर दूर हुड़दंगियों ने कई वाहनों को तोड़ डाला। इससे वाहनों को काफी नुकसान हुआ। क्षेत्र में वाहनों के साथ तोड़फोड़ करने का यह पहला मामला नहीं है। आए दिन यहां वाहनों को क्षति पहुंचाई जाती है। पुलिस के हाथ आज तक कोई हुड़दंगी नहीं लग पाया। तुनन पंचायत प्रधान देविका ने कहा कि क्षेत्र में सड़क के किनारे खड़े वाहनों को क्षति पहुंचाने का सिलसिला काफी वर्षों से चल रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाकर हुड़दंगियों पर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। उधर, इस बारे में डीएसपी आनी रोहित मृगपुरी ने बताया कि क्षेत्र में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस थाना प्रभारी को उचित निर्देश दिए गए हैं। वाहनों के साथ तोड़फोड़ का मामला पेश आया है। क्षेत्र में पुलिस गश्त को बढ़ाकर हुड़दंगियों पर नकेल कसी जाएगी।