ठियोग (रामपुर बुशहर)।
नगर परिषद ठियोग के वार्ड नंबर एक में सड़कों की हालत खराब है। सड़क पर गड्ढों की भरमार है। यहां पर आवाजाही करने में लोगों को परेशानी हो रही है। इसके अलावा इस वार्ड में गंदगी की समस्या से भी लोग जूझ रहे हैं। विभागों के अधिकारियों के अलावा अतिरिक्त दंडाधिकारी भी यहां सड़क पर आवाजाही करते हैं। लेकिन उनको भी सड़क की खस्ता हालत नहीं दिखाई देती है। साथ लगती कॉलोनी में सड़क की धूल जा रही है।
एसडीएम कार्यालय के सामने खुले में कूड़ा बिखरा हुआ है। इससे यहां पर बंदरों का भी अधिक आतंक रहता है। पिछले कई दशकों से यहां मकानों के साथ बिजली के तार गुजर रहे। इससे यहां पर कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। बिजली बोर्ड ने सूचित करने के बाद भी समस्या का हल नहीं किया। वार्ड नंबर एक में चिल्ड्रन पार्क बनना था। लेकिन अभी तक इसका कार्य शुरू नहीं हो पाया है। बसंत सिंह चौहान ने बताया कि उनका मकान करीब 20 वर्ष पुराना है। लेकिन भवन के साथ लगे बिजली के तार से उनको परेशानी हो रही है। इन तार में कई बार स्पार्किंग हो जाती है । कई बार शिकायत की गई पर कुछ नहीं हुआ। विनोद कौशल ने बताया कि एसडीएम कार्यालय के सामने गंदगी बिखरी रहती है। यहां पर समय पर सफाई नहीं हो रही है। स्थानीय निवासी रिंकू हेटा ने बताया कि वार्ड में चिल्ड्रन पार्क का निर्माण होना चाहिए। चिल्ड्रन पार्क नहीं होने से बच्चों को खेलने की सुविधा नहीं मिल रही है।
गंदगी रोकने को लगेंगी जालियां : अनिल
वार्ड के पार्षद अनिल ने बताया कि वार्ड में गंदगी को रोकने के लिए जल्द जालियां लगाई जाएंगी। इसके अलावा बिजली के तार का मामला उनके ध्यान में नही है। चिल्ड्रन पार्क को लेकर एक सप्ताह में काम शुरू किया जाएगा, जिससे बच्चों को खेलने की सुविधा मिल सके।