वहीं, कालाअंब क्षेत्र में भी घने कोहरे के कारण वाहन चालकों को बेहद धीमी गति से सफर करना पड़ा। कोहरे के चलते हल्के और भारी वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने वीरवार को भी जलाशयों से सटे जिलों में सुबह और शाम को कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट जारी किया है। वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने, धीमी गति से वाहन चलाने और फॉग लाइट का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बुधवार को मौसम साफ रहा। दिन के समय धूप खिलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली, लेकिन रात के समय तापमान में गिरावट दर्ज की गई। 20 और 21 दिसंबर को प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है। इससे पहाड़ी इलाकों में ठंड और बढ़ने की संभावना है। मंगलवार रात को राज्य के 12 स्थानों पर न्यूनतम पारा 5 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया है।
मंगलवार रात को कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान 6.0 और ताबो में माइनस 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। राजधानी शिमला में रात का पारा लगातार दूसरे दिन भी 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिला कुल्लू व लाहौल घाटी में भी बुधवार को मौसम साफ रहा और दिनभर धूप खिली रही। रोहतांग दर्रा, शिंकुला दर्रा और ग्रांफू के साथ जलोड़ी दर्रा में वाहनों की आवाजाही जारी है। इन जगहों पर सैलानियों की भीड़ उमड़ रही है।
मंगलवार रात को सुंदरनगर में न्यूनतम तापमान 3.5, भुंतर में 2.6, कल्पा में 3.4, धर्मशाला में 9.6, ऊना में 7.5, नाहन में 9.8, पालमपुर में 7.0, सोलन में 4.6, मनाली में 3.9, कांगड़ा में 5.6, मंडी में 4.6, बिलासपुर में 5.5, हमीरपुर में 4.2, कुफरी में 9.2, नारकंडा में 7.1, रिकांगपिओ में 5.5, बरठीं में 3.1, पांवटा साहिब में 9.0, सराहन में 5.1, देहरागोपीपुर में 8.0, बजाैरा में 2.8 और नेरी में 11.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।