हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग में गैर शिक्षक कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया बुधवार से शुरू कर दी गई। निदेशक उच्च शिक्षा ने सभी शाखाओं को वरिष्ठता सूची के साथ कर्मचारियों की एसीआर तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
अगले एक-दो दिन में इनकी डीपीसी कर विभाग की ओर से 450 से अधिक गैर शिक्षकों को पदोन्नति दी जा सकती है। इनमें 250 कनिष्ठ सहायकों को वरिष्ठ सहायक और 175 वरिष्ठ सहायकों को अधीक्षक ग्रेड टू बनाया जाना है।
शुक्रवार तक इनकी पदोन्नति सूची जारी करने की तैयारी है। निदेशालय में बुधवार को गैर शिक्षक कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों ने भी निदेशक के समक्ष पदोन्नति की मांग उठाई।
प्रदेश में जनवरी से अक्टूबर तक पदोन्नतियों पर प्रतिबंध के कारण वरिष्ठता के बावजूद इनकी प्रमोशन नहीं हो सकी। अब पदोन्नतियों पर रोक हटने के आदेशों के बाद विभाग ने प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इससे पहले विभाग ने प्रिंसिपल को पदोन्नति दे दी है। हेडमास्टरों पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब गैर शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
विभाग में इसके बाद अन्य वर्गों के शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया शुरू की जानी है। निदेशक उच्च शिक्षा दिनकर बुराथोकी ने बताया कि गैर शिक्षक कर्मचारियों की डीपीसी शीघ्र करने के आदेश जारी कर दिए हैं। अगले एक-दो दिन में इनकी पदोन्नति सूची जारी की जानी है।