टीजीटी के 641 पद भरने की तैयारी शिक्षा महकमे ने कर ली है। विभाग ने अधीनस्थ चयन बोर्ड को इसकी मांग भेजी है। लिखित परीक्षा के लिए बोर्ड आवेदन मांगेगा।
इन्हीं आवेदनों के आधार पर परीक्षा होगी। इसके बाद साक्षात्कार होंगे। स्कूलों में टीजीटी कला के 212, नान मेडिकल के 266 और मेडिकल संकाय के 133 पदों को भरा जाना प्रस्तावित है। इसके अलावा खेल कोटे से टीजीटी कला के 12, नान मेडिकल के 8 और मेडिकल के 10 शिक्षकों की भर्ती होनी है।
निदेशक एलीमेंटरी शिक्षा हंसराज शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। विभाग का तर्क है कि दूरदराज के स्कूलों में अधिकतर शिक्षकों को तीन साल से ज्यादा का समय हो चुका हैं। इन शिक्षकों को दूरदराज के क्षेत्रों से बदल कर शहरी हलकों में तैनाती दी जानी है। इस प्रक्रिया को शुरू करने से पहले नए शिक्षकों की तैनाती करना जरूरी है। बिना नए शिक्षकों के दूरदराज के क्षेत्रों में शिक्षकों की मांग को पूरा करना मुश्किल हो जाएगा।
हर साल सेवानिवृत्त से शिक्षकों के पद खाली हो रहे हैं। इनके स्थान पर दुर्गम इलाकों से शिक्षक दूसरे स्थान पर तबादलों के लिए आवेदन कर रहे हैं, लेकिन बिना नई नियुक्ति के तबादले करने मुश्किल हो रहे हैं। इसलिए पहले नए शिक्षकों की तैनाती प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा। इसके बाद ही दूरदराज में तैनात शिक्षकों को दूसरे स्थानों में शिफ्ट किया जा सकेगा।
बोर्ड की ओर से ली जाने वाली परीक्षा में टीईटी पास प्रार्थी ही पात्र होंगे। इसके अलावा स्नातक में पचास फीसदी न्यूनतम अंकों की शर्त भी लागू होगी। प्रारंभिक शिक्षा निदेशक हंसराज शर्मा ने माना कि टीजीटी की भर्ती के लिए मामला अधीनस्थ सेवाएं चयन बोर्ड को भेज दिया है।