श्रीकांत शर्मा को भाजपा प्रदेश प्रभारी।
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा के हिमाचल प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने कांग्रेस पर संविधान और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस चुनाव जीतती है तो चुनाव आयोग सही होता है, लेकिन हारने पर उसी आयोग पर वोट चोरी के आरोप क्यों लगाए जाते हैं। बुधवार को जारी बयान में शर्मा ने हैदराबाद में आयोजित कांग्रेस के एक कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि वहां विदेशी प्रतिनिधि द्वारा मंच से ''वोट चोर, गद्दी छोड़'' के नारे लगाने और इस पर राहुल गांधी की प्रतिक्रिया ने कांग्रेस की राजनीतिक सोच पर सवाल खड़े किए हैं।
उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से इस पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट करने को कहा। भाजपा प्रभारी ने कहा कि जिस चुनाव आयोग की व्यवस्था के तहत हिमाचल, कर्नाटक और तेलंगाना में कांग्रेस की सरकारें बनीं, आज उसी की विश्वसनीयता पर राहुल गांधी सवाल उठा रहे हैं। यदि चुनाव प्रक्रिया में कोई गड़बड़ी है तो कांग्रेस को ठोस सबूतों के साथ चुनाव आयोग और न्यायिक संस्थाओं के समक्ष शिकायत रखनी चाहिए, न कि संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास पैदा करना चाहिए।
उन्होंने कांग्रेस को पड़ोसी देशों की परिस्थितियों से भारत की तुलना करने और अस्थिरता को लेकर बयानबाजी से बचने की सलाह दी। शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और राष्ट्रीय सुरक्षा लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने राहुल गांधी को नसीहत दी कि वे विदेशी मंचों और नारों के सहारे राजनीति करने के बजाय जनता के बीच जाकर काम करें।