उत्तराखंड राज्य के हिमाचल से सटे विकासनगर क्षेत्र के कुल्हाल बॉर्डर पर दिन भर सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह से चाक चौबंद रही। निहंगों की संभावित आवाजाही की सूचनाओं के मद्देनजर पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती रही। बुधवार देर रात से लेकर वीरवार तड़के तक पुलिस की अलग-अलग टीमें क्षेत्रों में सक्रिय रहीं। डाकपत्थर पुल और डाकपत्थर बैराज क्षेत्र में भी सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। यह क्षेत्र उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के बीच आवाजाही का प्रमुख संपर्क मार्ग है। वहीं, दोपहर से निहंगों ने पांवटा साहिब शुरू कर दिया। पांवटा साहिब में उत्तराखंड से पुलिस अधीक्षक देहात पंकज गैरोला, एसडीएम विकासनगर विनोद कुमार व थाना प्रभारी विकासनगर राजीव रतन, थाना प्रभारी पांवटा साहिब कुलवंत सिंह मौजूद रहे।
उत्तराखंड पुलिस ने कुल्हाल बैरियर पर संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे व्यक्तियों से पूछताछ की। उनकी पहचान और सत्यापन संबंधी जानकारियां जुटाई गई। स्थानीय अधिकारियों को खुद सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के निर्देश दिए गए हैं। उत्तराखंड पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ये किसी विशेष समुदाय या समूह को लक्षित करने के लिए नहीं, बल्कि शांति, कानून-व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।