पर्यटकों के एक हजार वाहन पहुंचे, होम स्टे में ठहरना कर रहे पसंद
जिला पर्यटन अधिकारी किन्नौर अमित कल्थाईक ने बताया कि सांगला, छितकुल, कल्पा और नाको जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे हैं। एक सप्ताह के दौरान दोपहिया, चार पहिया वाहनों और ट्रैवलर सहित करीब एक हजार से अधिक वाहन किन्नौर जिले में पहुंचे हैं। जिले के लगभग सभी होटल और होमस्टे पूरी तरह बुक हो चुके हैं। इस बार खास बात यह है कि अधिकतर पर्यटक होटलों की बजाय स्थानीय होमस्टे में ठहरना पसंद कर रहे हैं। इससे न केवल पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति को करीब से जानने का अवसर मिल रहा है, बल्कि स्थानीय लोगों की आय में भी बढ़ोतरी हो रही है।
अमित कल्थाईक ने किन्नौर आने वाले सभी पर्यटकों का स्वागत करते हुए कहा कि जिला प्रशासन की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं कि पर्यटकों को यहां एक सुरक्षित, सुखद और यादगार अनुभव मिले। उन्होंने पर्यटकों से अपील की कि वे किन्नौर की स्वच्छता बनाए रखें, स्थानीय नियमों और परंपराओं का सम्मान करें। एक जिम्मेदार पर्यटक की भूमिका निभाएं। किसी भी आपातकालीन स्थिति में पर्यटक 112 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा मौसम, सड़क स्थिति और अन्य जरूरी जानकारियों के लिए किन्नौर पुलिस और जिला प्रशासन किन्नौर के आधिकारिक फेसबुक पेज पर नियमित रूप से सूचनाएं साझा की जा रही हैं।
राजधानी में नया साल मनाने के लिए पहुंचे हजारों सैलानी
वहीं, पहाड़ों की रानी शिमला में नया साल मनाने के लिए हजारों की संख्या में सैलानी उमड़े हैं। बुधवार को माल रोड सहित रिज मैदान पर विंटर कार्निवल के चलते दिनभर सैलानियों की चहल-पहल देखने को मिली। बाहरी राज्यों से सैलानियों ने कहा कि बर्फबारी की आस में वह शिमला आए थे, लेकिन उन्हें बर्फ देखने को नहीं मिली। हालांकि शहर में प्रवेश करते ही ट्रैफिक जाम ने उन्हें परेशान किया, लेकिन इसके बाद शिमला का सुहावना मौसम देखकर उन्हें राहत मिली। पंजाब से आए सैलानियों ने कहा कि शिमला वह खास तौर पर नया साल बनाने के लिए आए हैं वही शिमला में हुई सजावट और विंटर कार्निवल के चलते वह नया साल मनाने के लिए काफी उत्साहित है।