सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल मुख्यालय सरकाघाट से मात्र दो किलोमीटर की दूरी पर बरच्छवाड़ में शनिवार दोपहर को ट्रक से शीशा उतारते समय एक युवक की मौत हो गई है। गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल पहुंचाने से पहले ही दम तोड़ दिया। युवक बद्दी में शीशा बनाने वाली कंपनी में निरीक्षक के पद पर कार्यरत था। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बरच्छवाड़ के पास निर्माणाधीन एक होटल के लिए शनिवार को बद्दी से ट्रक में शीशा आया था। कंपनी से शीशे लेकर पहुंचा निरीक्षक ऋषि कौंडल पुत्र पुरुषोत्तम राम निवासी कुल्थी गांव तहसील गोपालपुर जिला कांगड़ा मजदूरों से शीशों को उतरवा रहा था। इसी दौरान शीशों पर बंधी रस्सी अचानक टूट गई और करीब पांच-छह भारी भरकम शीशे ऋषि कौंडल पर जा गिरे।
ऋषि शीशों के नीचे दब गया। वहां मौजूद मजदूरों ने घायल युवक को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल सरकाघाट ले गए। अस्पताल पहुंचने से पहले ही ऋषि ने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने घटना के बारे में पुलिस को सूचित किया। सरकाघाट पुलिस ने अस्पताल पहुंच कर शव कब्जे में लिया और परिजनों को सूचित किया। डीएसपी मदन धीमान ने कहा कि पुलिस घटना की जांच कर रही है। युवक के परिजनों को सूचित किया गया है। उन्होंने बताया कि ऋषि कौंडल बद्दी में शीशे बनाने वाली कंपनी में काम करता है।