बच्चों ने मताधिकार का इस्तेमाल कर जाना एक-एक वोट का महत्व
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। संविधान दिवस के उपलक्ष्य पर डीएवी स्कूल मंडी के ईईडीपी सेक्शन में चीफ कैप्टन पद के लिए चुनाव करवाया गया। इसके माध्यम से नौनिहालों ने मतदान प्रक्रिया, मताधिकार और लोकतंत्र में वोट के महत्व को प्रायोगिक तौर पर समझा।
चुनाव में गौरिका, सिमरन कौर, अभिनंदन ठाकुर और नविष्का प्रत्याशी बने। चारों ने सहपाठियों के बीच जाकर प्रचार किया और अपने पक्ष में वोट मांगे। इसके बाद विद्यार्थियों ने अपनी पसंद के प्रत्याशी को मतदान किया। बच्चों ने घरों में भी परिजनों को मतदान के प्रति जागरूक करने का संदेश देने की बात कही।
डीएवी प्राइमरी ब्रांच की प्रभारी सीमा कपूर ने बताया कि बच्चों को मतदान प्रक्रिया और मताधिकार का महत्व समझाने के उद्देश्य से यह गतिविधि करवाई गई। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चुनाव का परिणाम सोमवार को घोषित किया जाएगा।