टिहरा (मंडी)। टिहरा क्षेत्र के ढूली गांव में मनरेगा के काम में कार्यरत महिला का डंगे से पांव फिसलने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर टिहरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और साथ काम कर रहे अन्य मजदूरों के बयान लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सरकाघाट भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार करीब चार बजे टीहरा पंचायत के ढूली वार्ड में मनरेगा के तहत किसी किसान के खेतों में पत्थर के डंगे का निर्माण चल रहा था।
इसमें 75 वर्षीय महिला मजदूर भी अन्य मजदूरों के साथ काम कर रही थी। अचानक महिला का पांव फिसलने से वह दस फीट ऊंचे डंगे से नीचे पत्थरों के ऊपर गिर गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। अन्य मजदूरों ने इसकी सूचना पंचायत प्रतिनिधियों को दी, जिन्होंने मौके पर पहुंच कर घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकाघाट अस्पताल भेज दिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना पर स्थानीय जनता, पंचायत प्रतिनिधियों और महिला के परिजनों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मृतक महिला की पहचान टिहरा पंचायत के ढूली गांव निवासी कमला देवी 75 वर्षीय पत्नी स्व. जगदीश चंद के रूप में हुई है। महिला कई वर्षों से मनरेगा में काम कर रही थी। डीएसपी सरकाघाट तिलक राज ने घटना की पुष्टि की है।