जोगिंद्रनगर (मंडी)। शहर में ठगी के मास्टरमाइंड को कारोबारियों ने धरदबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया है। स्वर्णकारों को नकली गहने थमाकर सोने के आभूषणों पर हाथ साफ करने वाले ठग की पहचान राजकुमार निवासी जम्मू के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान आरोपी से नकली आभूषण भी बरामद हुए हैं। मंगलवार को धनतेरस पर शहर के एक स्वर्णकार को नकली गहने थमाकर असली गहनों पर हाथ साफ करने वाले ठग को स्वर्णकार ने ही धर दबोचा। इसे पुलिस के हवाले कर दिया। आरोप है कि उसने कुछ दिन पूर्व शहर के एक स्वर्णकार को नकली गहने देकर असली गहने लेकर 15000 की चपत लगाई थी।
कांगड़ा के बैजनाथ में डेरा जमाने के बाद मंगलवार को फिर जोगिंद्रनगर शहर के मुख्य बाजार में स्वर्णकार की दुकान में सोने के आभूषणों पर हाथ साफ करने का प्रयास किया लेकिन यहां पकड़ा गया। त्योहारी सीजन में कारोबारियों को हजारों रुपये की चपत लगा चुके शातिर से बरामद दस्तावेज भी फर्जी निकले हैं। असली पहचान छुपाने के लिए सुरक्षाकर्मी का पहचान पत्र भी नकली पाया गया।
डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी ने बताया कि शहर में कारोबारियों से ठगी के आरोप में पकड़े गए शातिर से बरामद दस्तावेज फर्जी पाए गए हैं। मामले की जांच जारी है और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
000