जोगिंद्रनगर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव डॉ. राकेश धरवाल ने कहा है कि मंडी के दिवंगत सांसद रामस्वरूप शर्मा की मौत का मामला आज भी रहस्य बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार इस संवेदनशील मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं।
डॉ. धरवाल ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को पत्र लिखकर मामले की उच्च न्यायालय से सेवानिवृत्त न्यायाधीश द्वारा जांच करवाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि रामस्वरूप शर्मा एक महत्वपूर्ण जन प्रतिनिधि थे, जिन्होंने 17 विधानसभा क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व किया। उनकी मौत के कारणों और इसके पीछे के संभावित कारणों को जानने के लिए मंडी संसदीय क्षेत्र के लोग अब भी असमंजस में हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की पूर्व सरकार ने इस मामले में कोई ठोस जांच नहीं की और इसे केवल दबाने का प्रयास किया। अब कांग्रेस सरकार से भी उन्होंने उच्च स्तरीय जांच की मांग की है ताकि इस मामले पर से पर्दा उठ सके और सच्चाई सामने आ सके। संवाद