थुनाग (मंडी)। मौसम खुलने के बाद सराज क्षेत्र में बर्फबारी से बेहाल जनजीवन अब धीरे-धीरे सामान्य होने लगा है। क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में धूप खिलने से ठंड में कुछ राहत मिली है, लेकिन बर्फबारी ने वाहन चालकों की मुसीबतें बढ़ा दी हैं।
समूचे सराज क्षेत्र में सुबह-शाम न्यूनतम तापमान माइनस में चल रहा है, जिसके कारण सड़कों पर पानी जम रहा है और वाहन चलाना जोखिमपूर्ण हो गया है। जगह-जगह वाहन फिसल रहे हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है।
बर्फ पर गाड़ियों की कोई पकड़ नहीं रहती और अचानक ब्रेक लगाने पर गाड़ी खाई में गिर सकती है। इस स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने वाहन चालकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। एसडीएम थुनाग, रमेश कुमार ने वाहन चालकों को हिदायत दी कि बर्फीले इलाकों में ड्राइव करते समय स्नो चेन का इस्तेमाल करें, इससे टायर स्किड नहीं करेंगे।
साथ ही गाड़ी के टायरों का प्रेशर कम किया जाए ताकि ट्रैक्शन बेहतर हो। बर्फीली सड़कों पर गाड़ी चलाते वक्त सामने से आ रही गाड़ी से उचित दूरी बनाए रखें और हमेशा दूसरे गियर में ही ड्राइव करें। उन्होंने यह भी कहा कि यदि बर्फ वाले इलाके में ड्राइव करना हो तो जरूरी आपातकालीन सामान अपने पास रखें।
दो दिन बाद जंजैहली-छतरी सड़क बहाल
लोक निर्माण विभाग मंडल सराज के अधिशासी अभियंता रोशन लाल ने बताया कि जंजैहली-रायगढ़-शिकारी माता सड़क, जंजैहली-मगरुगाला-छतरी सड़क, लंबाथाच-शिल्लीबागी-कल्हणी सड़क, और अन्य प्रमुख संपर्क मार्गों को दो दिन बाद वाहनों के लिए बहाल कर दिया गया है। इसके अलावा छतरी छछगलु और गाडागुसैनी सड़क भी खोल दी गई है। विभाग ने अन्य मार्गों को भी जल्द बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
जल्द सामान्य होगी जलापूर्ति
जल शक्ति विभाग थुनाग के अधिशासी अभियंता संदीपकांत शर्मा ने बताया कि बर्फबारी के कारण पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई थीं, लेकिन अब इन योजनाओं को बहाल करने का काम युद्ध स्तर पर जारी है। बूंग, रैलचौक, जंजैहली, लस्सी, संगलबाड़ा, तुंगाधार और पोखी पेयजल योजनाओं के पाइपों को अस्थायी तौर पर जोड़कर जलापूर्ति को फिर से बहाल किया गया है। उन्होंने बताया कि छड़ी खड्ड-शैटाधार उठाऊ पेयजल योजना की राइजिंग पाइप वीरवार शाम तक जोड़ दी जाएगी और अन्य योजनाओं में भी जलापूर्ति जल्द सामान्य हो जाएगी।
.दुलही जाने वाला संपर्क मार्ग। संवाद
.दुलही जाने वाला संपर्क मार्ग। संवाद
.दुलही जाने वाला संपर्क मार्ग। संवाद