पंडोह (मंडी)। भारी बारिश के कारण पंडोह बांध के जलस्तर में हुआ इजाफा अब सामान्य हो गया है। शनिवार को दिनभर बांध का जलस्तर सामान्य बना रहा।
पानी को छोड़ने के लिए पंडोह बांध का एक गेट एक मीटर तक खोल दिया गया था। इसे अब लगभग बंद कर दिया गया है। अब इस गेट से जरूरत के हिसाब से सिर्फ 3 हजार क्यूसेक पानी ही छोड़ा जा रहा है।
बीबीएमबी के सहायक अभियंता बीपी यादव ने बताया कि पहले बांध का जलस्तर 2939 मीटर तक पहुंच गया था। इसमें से ब्यास में दिन के समय 7 हजार जबकि रात को 26 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था। शुक्रवार रात को ही बांध का जलस्तर 2939 मीटर से घटकर 2932 मीटर पर आ गया था। शनिवार को यह जलस्तर लगभग 2930 मीटर तक आ गया था जोकि पूरी तरह से सामान्य है। बग्गी टनल को रूटीन में पानी भेजा जा रहा है।