रिवालसर (मंडी)। जलशक्ति विभाग मंडल बग्गी के अंतर्गत विभिन्न पेयजल योजनाओं में तैनात जलरक्षकों, पैरा फिटर, पंप ऑपरेटरों और अंशकालिक कर्मचारियों को पिछले पांच महीने से वेतन नहीं मिला है। ऐसे में कर्मचारियों की आर्थिक हालात खराब हो गई है।
परिवार के लिए राशन पानी का इंतजाम करना मुश्किल हो गया है। अधिकारियों से बार-बार आग्रह करने के बावजूद वेतन न मिलने पर संबंधित कर्मचारियों में रोष है। जलशक्ति विभाग में कार्यरत जगदीश, हेतराम, पुष्पराज, खूबराम, कमलेश, गौरव, ललित, राहुल, जगदीश, सुनील, रूपलाल आदि ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से वेतन दिलाने की गुहार लगाई है।
कर्मचारियों का कहना है कि बिना किसी अवकाश के वे लगातार 7 से 8 घंटे रोजाना अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसके बदले उन्हें बहुत कम मानदेय दिया जाता है लेकिन वह भी समय पर नहीं मिल रहा है। कहा कि सरकार उनके साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। सरकार से मांग की है कि पंचायती राज के अधीन न रखते हुए इस वर्ग को जलशक्ति विभाग के अधीन किया जाए।
अधिशासी अभियंता हर्ष शर्मा का कहना है कि जल संरक्षण एवं आपूर्ति में तैनात सभी कर्मचारियों को शीघ्र ही वेतन भुगतान किया जाएगा।
000