गोहर (मंडी)। सिविल अस्पताल गोहर में शुक्रवार देर शाम बहुचिकित्सा शिविर में महिला की रसौली के ऑपरेशन के दौरान हुई मौत का खुलासा विसरा की जांच से होगा।
पुलिस ने शुक्रवार देर रात घटनास्थल पर पहुंचकर उस एनेस्थीसिया टीके के सैंपल लिए हैं, जिसे लगाने के बाद महिला को अधरंग हुआ और कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया। सैंपल जांच के लिए फॉरेंसिक (एफसीएल) लैब भेजा है। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। विसरा पुलिस ने जांच के लिए एफसीएल भेजा है।
पुलिस अधीक्षक मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है। परिजनों ने चिकित्सा शिविर में ड्यूटी में मौजूद चिकित्सकों पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। इसकी जांच भी हो रही है। दूसरी तरफ स्वास्थ्य विभाग भी अपने स्तर पर घटना की जांच कर रहा है।
यह भी बताया जा रहा है कि महिला पहले से बीमार थी और ऑपरेशन से पहले महिला के परिजनों का सहमति पत्र लिया गया था। इसमें लिखा था कि परिजन और रोगी अपने रिस्क पर ऑपरेशन करवा रहे हैं। उधर, बगस्याड स्वास्थ्य खंड की खंड चिकित्सा अधिकारी नीलम ने बताया कि विसरा रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चलेगा। महिला की मौत होने पर शुक्रवार देर रात अस्पताल में बरपे हंगामे के बाद शनिवार को सात ऑपरेशन हुए हैं।
यह है मामला
शुक्रवार देर शाम गोहर सिविल अस्पताल में बहुचिकित्सा शिविर में बच्चेदानी की रसौली के ऑपरेशन के दौरान महिला रोगी की बेहोशी का इंजेक्शन देने के बाद मौत हो गई थी। परिजनों ने देर रात अस्पताल पहुंचकर खूब हंगामा किया। यह शिविर नेशनल हेल्थ मिशन के तहत दिल्ली का एक अस्पताल लगा रहा है। जिले में तीन बहुउद्देश्यीय चिकित्सा शिविर एनएचएम के तहत लगाए जा रहे हैं। करसोग में शिविर हो चुका है। गोहर में इस शिविर का अंतिम दिन है। अब पधर में शिविर लगाया जाएगा। संवाद