बलद्वाड़ा (मंडी)। क्षेत्र के गांव फटोह के ग्रामीणों ने राजमार्ग पर कौहणी पुल मोड़ में बस स्टॉप और आसपास के तीखे मोड़ पर सांकेतिक चिह्न लगाने की मांग उठाई है। इसे लेकर ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग बलद्वाड़ा के सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने विभाग से प्राथमिकता के आधार पर इन कार्यों को पूरा करने के लिए कहा है।
ग्रामीणों कृष्णा, विनोद, पवन, रोहित, शशि, आशा देवी, हरनंदी देवी, विशाल आदि ने कहा कि तीखे मोड़ पर हर वक्त दुर्घटनाओं की आशंका रहती है। बलद्वाड़ा बाजार से सीधा मार्ग है, लेकिन लोक निर्माण विभाग कार्यालय से कौहणी पुल तक मोड़ होने के कारण वाहन तेज रफ्तार में आते हैं और इन मोड़ों पर अनियंत्रित होते हैं। इससे हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इन मोड़ों पर कॉनवेक्स मिरर भी लगाए जाएं। बताया कि कौहणी पुल मोड़ पर स्थायी बस स्टॉप और वर्षा शालिका न होने के कारण गांव फटोह, चज्याणी, बरोट आसपास के यात्री परेशान होते हैं। बस स्टॉप के साथ वर्षाशालिका भी बनाई जाए। संवाद