भजन-कीर्तन के साथ माता के जयकारे लगाए
हरी झंडी दिखाकर एसडीएम ने किया बस को रवाना
2017 के भीषण कोटरोपी बस हादसे से बुरी तरह प्रभावित हुआ था क्षेत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
पधर (मंडी)। लोक निर्माण विभाग उपमंडल पधर के अंतर्गत सरवाला–सास्ती–देवधार संपर्क सड़क पर मंगलवार को लंबे इंतजार के बाद बस का सफल ट्रायल किया गया। एसडीएम पधर सुरजीत सिंह ठाकुर ने रिबन काटकर और हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया। बस के सड़क पर उतरते ही ग्रामीण खुशी से झूम उठे और भजन-कीर्तन के साथ माता के जयकारे लगाए।
इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता विनायक कश्यप, सहायक अभियंता प्रदीप कुमार, कनिष्ठ अभियंता चंद्रमणि ठाकुर तथा एचआरटीसी के निरीक्षक राकेश कुमार सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। एसडीएम और अन्य अधिकारियों ने स्वयं बस में सफर कर सड़क की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का बारीकी से निरीक्षण किया। यह क्षेत्र वर्ष 2017 के भीषण कोटरोपी बस हादसे से बुरी तरह प्रभावित हुआ था, जिसमें 48 लोगों की जान गई थी। पूरा पहाड़ नीचे सरक गया था। हादसे के बाद बड़वाहण, खुंड, सदवाड़ी, रोपा और पंदलाही जैसे गांव बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे थे। तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने इन गांवों को जोड़ने के लिए धनराशि स्वीकृत की थी, लेकिन भारी बारिश और भूस्खलन के कारण कार्य में लगातार बाधाएं आती रहीं। अब बस का ट्रायल सफल होने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। बस सेवा शुरू होने से खुंड, सदवाड़ी, रोपा, पंदलाही सहित अन्य क्षेत्रों के साथ अप्पर-लोअर सास्ती और आसपास की पंचायतों को भी लाभ मिलेगा। इस सड़क के निर्माण से अब रसोई गैस की आपूर्ति और एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाएं सीधे घर-द्वार तक पहुंच सकेंगी।
कार्यक्रम में महिला मंडल बड़वाहण और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने इस उपलब्धि के लिए प्रशासन और विभाग का आभार व्यक्त किया।