धर्मपुर के कैंची मोड़ के पास धंसी सड़क की बाहली के लिए लोक निर्माण विभाग मंडल धर्मपुर कार्यालय
लोक निर्माण विभाग के कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं ने की नारेबाजी
सड़क धंसने से क्षेत्र की जनता को हो रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (मंडी)। धर्मपुर के कैंची मोड़ के पास धंसी सड़क की समस्या को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने लोक निर्माण विभाग, मंडल धर्मपुर कार्यालय के बाहर बुधवार को धरना-प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य रजत ठाकुर ने किया। धरने के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोक निर्माण विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क की जल्द बहाली की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सरकाघाट-धर्मपुर मार्ग पर कैंची मोड़ के पास सड़क धंसने से क्षेत्र की जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
भाजपा कार्यसमिति सदस्य रजत ठाकुर ने कहा कि धर्मपुर क्षेत्र में सड़कों की हालत लगातार खराब होती जा रही है और संबंधित विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग की लापरवाही के कारण ही यह स्थिति उत्पन्न हुई है। चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क बहाल नहीं की गई तो भाजपा स्थानीय जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेगी, जिसमें धरना-प्रदर्शन के साथ चक्का जाम भी शामिल होगा। साथ ही उन्होंने मांग की कि सड़क के डंगे (सपोर्टिंग वॉल) को गिराने वाले जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। उधर, लोक निर्माण विभाग मंडल धर्मपुर के अधिशासी अभियंता अशुमन सोनी ने बताया कि विभाग ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ पुलिस थाना धर्मपुर में शिकायत दर्ज करवा दी है। सड़क बहाली का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है। साथ ही वाहनों की आवाजाही वैकल्पिक मार्ग से शुरू करवा दी गई है, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।