फाइनल मुकाबले में एमएलएसएम सुंदरनगर को दी मात, सारंग गुलेरिया ने बनाए 60 रन
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर(मंडी)। सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी की इंटर कॉलेज क्रिकेट चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में बुधवार को राजकीय वल्लभ महाविद्यालय (वीजीसी) मंडी ने महाराजा लक्ष्मण सेन स्मारक महाविद्यालय (एमएलएसएम) सुंदरनगर को 5 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। रोमांचक मुकाबले में वीजीसी मंडी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 157 रन बनाए। टीम की ओर से सारंग गुलेरिया ने 49 गेंदों में 60 रन की शानदार पारी खेली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमएलएसएम सुंदरनगर की टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 152 रन ही बना सकी। टीम की ओर से यतीम शर्मा ने 50 गेंदों में 51 रन बनाए, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। गेंदबाजी में वीजीसी मंडी के तरुण ने 24 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि सौरव ठाकुर ने 26 रन देकर 2 विकेट चटकाए। वहीं, एमएलएसएम सुंदरनगर की ओर से गौरव ठाकुर ने 24 रन देकर 2 विकेट लिए और ओजश सिंह चौहान ने एक विकेट हासिल किया। इस तरह वीजीसी मंडी ने पांच रन से रोमांचक जीत दर्ज कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।