जागिंद्रनगर सरकाघाट सड़क पर पहाड़ी दरकने से कीचड़नुमा सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बचा एक
एक साल पहले भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हो गया था डंगा
ग्रामीणों में विभाग के प्रति आक्रोश, धरने प्रदर्शन की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
पधर (मंडी)। लोक निर्माण विभाग उपमंडल पधर के तहत कोटरोपी-चुक्कू-खजरी सड़क धंसने से आवाजाही बाधित हो गई है। भूस्खलन के चलते यह सड़क बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए तो पूरी तरह अवरुद्ध हो गई है। हालांकि मार्ग को अब छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल कर दिया है। ऐसे में नागणी से आगे लुणी, सलहाना, चुक्कू, रझौण, जुजलू, खजरी और पनारा गांव के ग्रामीणों को आवागमन के लिए मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों की मानें तो यहां बीते वर्ष 18 अगस्त को हुई भारी बारिश से सड़क का डंगा ढह जाने से सड़क क्षतिग्रस्त हुई थी, लेकिन एक साल बीत जाने बाद भी डंगा नहीं लगने से इस बरसात में सड़क और क्षतिग्रस्त हो गई। इससे अब बड़े वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है। मार्ग पर मंडी व जोगिंद्रनगर से खजरी आने वाली निगम की बस भी नहीं आ रही है। बसों की आवाजाही बंद हो जाने से स्कूली बच्चों को भी पैदल सफर करना पड़ रहा है। इससे स्थानीय ग्रामीणों में लोक निर्माण विभाग के प्रति भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने साफ शब्दों में चेताया कि हफ्ते के भीतर यहां डंगा नहीं लगा और बस सेवा बहाल नहीं की तो विभागीय कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।
इस बारे में सहायक अभियंता लोनिवि पधर अंशुमन सोनी ने कहा कि कोटरोपी-खजरी मार्ग में नागणी के पास डंगा ठेकेदार को अवार्ड हुआ है। जिन्हें शीघ्र यहां कार्य करने के आदेश दिए गए हैं। शीघ्र कार्य नहीं किया तो टेंडर दोबारा कर यहां विभाग अपने स्तर पर निर्माण कार्य शुरू करेगा।