जोगिंद्रनगर में हाईवे पर जाम लगने पर बसों से उतर कर पैदल ही अपने गंतव्यों के लिए रवाना होते लोग और
- फोटो : Mandi
जोगिंद्रनगर (मंडी)। यातायात दबाव के चलते मंडी-पठानकोट हाईवे पर स्थित जोगिंद्रनगर शहर में करीब पौना घंटा जाम लगा रहा। इससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
यात्रियों और स्कूली विद्यार्थियों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। कई विद्यार्थी पैदल ही अपने घरों की ओर निकल गए। 2:45 बजे से 3:30 बजे तक यात्री वाहनों में कैद होकर रह गए।
हाईवे को बहाल करवाने के लिए पुलिस के कई जवान जुट गए लेकिन सड़क किनारे पार्क बेतरतीब वाहनों के चलते जाम की समस्या विकराल हो गई।
शहर की आरंभ सीमा लक्ष्मी बाजार से लेकर गुरुद्वारा परिसर, पठानकोट चौक से रेलवे स्टेशन चौक के अलावा मंदिर रोड तक जाम लगा रहा।
स्कूल की कई बसें जाम में फंसी रही। सेना के वाहन भी जाम में फंस गए। पुलिस थाना प्रभारी प्रीतम जरियाल ने बताया कि भारी वाहनों के प्रवेश के चलते हाईवे जाम रहा।
पुलिस जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात बहाल करवाया। बेतरतीब पार्किंग के चलते समस्या पेश आ रही है। संवाद