अंडरपास के लिए प्रशासन और एनएचएआई ने शुरू की कागजी प्रक्रिया
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन बनने के बाद कनैड में सड़क के आर-पार जाना ग्रामीणों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। अब इस समस्या के समाधान के लिए फोरलेन के नीचे अंडरपास बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रशासन और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने अंडरपास के लिए जमीन चिह्नित करने समेत अन्य औपचारिकताएं शुरू कर दी हैं।
कनैड में पहले अंडरपास के स्थान पर ओवरहेड फुटब्रिज प्रस्तावित किया गया था। स्थानीय लोगों ने इसका विरोध करते हुए अंडरपास बनाने की मांग उठाई थी। ग्रामीणों की मांग को देखते हुए प्रशासन और एनएचएआई की टीम प्रस्तावित स्थल का संयुक्त निरीक्षण भी कर चुकी है। फोरलेन बनने के बाद कनैड में सुरक्षित पैदल क्रॉसिंग की सुविधा नहीं होने से स्थानीय लोगों, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को तेज रफ्तार वाहनों के बीच सड़क पार करनी पड़ रही है। क्षेत्र में एक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के अलावा दो निजी स्कूल भी हैं। ऐसे में अंडरपास बनने से विद्यार्थियों समेत स्थानीय लोगों को फोरलेन पार करने में राहत मिलने की उम्मीद है।
एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने बताया कि एनएचएआई अधिकारियों के साथ प्रस्तावित स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया गया है। जमीन चिह्नित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बॉक्स
जमीन विवाद सुलझते ही शुरू होगी अगली कार्रवाई
हमने प्रशासन के साथ प्रस्तावित अंडरपास की जगह का निरीक्षण कर लिया है। यहां थोड़ा जमीन विवाद है। इसके निपटते ही अगली कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। -वरुण चारी, परियोजना निदेशक, एनएचएआई पीआईयू मंडी